दिल दहलाने वाली घटना, अगवा कर किशोरी को जलाकर मार डाला
कानपुर। मंगलपुर के एक गांव में घर के बाहर सो रही 12 वर्षीय किशोरी को अगवा करके दुष्कर्म के बाद मुंह व नाक दबाकर हत्या कर दी गई। ज्वलनशील केमिकल डालकर शव को जलाने की कोशिश भी की गई। गुरुवार सुबह उसके न मिलने पर खोजबीन के दौरान करीब दो सौ मीटर दूर बाग में शव पड़ा मिला। खड़ंजा मार्ग पर एक चारपाई भी पड़ी मिली, जो थोड़ी जली थी। एडीजी जोन भानु भास्कर, आइजी मोहित अग्रवाल व एसपी केशव कुमार चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वजन से बात की। किशोरी के घर पर रहने वाला रिक्शा चालक रिश्तेदार गायब है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मंगलपुर के एक गांव निवासी किसान की बेटी बुधवार रात घर के बाहर छोटी बहन के साथ चारपाई पर लेटी थी। बगल में दूसरी चारपाई पर दादी लेटी थीं। गुरुवार सुबह जब सब उठे तो किशोरी को वहां नहीं पाया। उसके दस वर्षीय भाई को घर से करीब दो सौ मीटर दूर बाग में बहन का शव मिला। सीने, गर्दन, बाएं तरफ चेहरे व पैर पर जले का निशान था। यह देख परिवार के होश उड़ गए। पुलिस जांच कर रही थी कि खड़ंजा मार्ग पर एक चारपाई पड़ी मिली, जिसकी थोड़ी सी रस्सी जली हुई थी। माना जा रहा है कि वारदात में चारपाई का इस्तेमाल किया गया। चारपाई दो मकान छोड़कर रहने वाले किशोरी के पारिवारिक बाबा की है। वह पांच दिन पहले रिश्तेदार के यहां गए हैं और चारपाई घर के बाहर रखी थी।
स्वजन ने किसी तरह की रंजिश से इन्कार किया है। फारेंसिक टीम ने शव के पास खून दिखने पर मिट्टी का सैंपल लिया, चारपाई से फिंगर प्रिंट लिए हैं। शाम को तीन सदस्यीय डाक्टरों की टीम के पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसमें पता चला है कि किशोरी की हत्या मुंह और नाक दबाकर की गई। इससे पहले उसे पीटा भी गया। चेहरे पर बाईं ओर व गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड बनाई गई है। कपड़े पर मिले बाल, खून की डीएनए जांच कराई जाएगी। एडीजी ने बताया कि दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट, हत्या व अगवा करने की धारा में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। राजफाश के लिए पांच टीमों को लगाया गया है। आइजी ने हत्या का सुराग देने पर दस हजार रुपये इनाम घोषित किया है।
Vishal Jaiswal : Sri Ramjanki Times

कोई टिप्पणी नहीं