#Kanpur_CRIME_News : दहेज में बड़ी रकम न लाने पर महिला के बेडरूम व बाथरूम में लगवा दिए कैमरे
Shri Ramjanki Times
कानपुर। सिविल लाइंस निवासी विवाहिता ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर अश्लील वीडियो बनाने, बंधक बनाने, गर्भपात कराने व आप्राकृतिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। विवाहिता की सूचना पर शनिवार देर रात पहुंची पुलिस ने उसे मुक्त कराया और परिजनों को जानकारी दी। उसकी तहरीर पर पुलिस ने पति, सास-ससुर व ननद के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
विवाहिता ने ग्वालटोली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब दो साल पहले उसकी शादी सिविल लाइंस स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले सर्राफा कारोबारी से हुई थी। शादी के 15 दिन पहले एक करोड़ रुपये की मांग की। परिजनों ने 20 लाख रुपये और 25 लाख के जेवरात देकर शादी कराई। शादी के कुछ महीने बाद ही बाकी के 55 लाख दहेज की मांग करते हुए ससुरालीजनों ने प्रताड़ति करना शुरू कर दिया। विवाहिता का आरोप है कि पति ड्रग्स का लती है और नशा करने के बाद मारपीट करके आप्राकृतिक दुष्कर्म करता था।
ससुरालीजनों ने बेडरूम और बाथरूम में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे जिससे उसके अश्लील वीडियो बना लिए जो परिवार के सदस्यों को वायरल कर दिए। आरोप है कि पिछले साल नवंबर में गर्भवती होने पर दवा खिलाकर गर्भपात करवा दिया। वहीं पिछले 15 दिनों से ससुरालीजन उसे बंधक बनाकर मारपीट करते रहे।
किसी तरह शनिवार देर रात उसने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी तो ग्वालटोली इंस्पेक्टर केके दीक्षित फोर्स संग पहुंचे और उसे मुक्त कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की तहरीर पर पति, सास-ससुर व ननद समेत चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, आप्राकृतिक दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
कोई टिप्पणी नहीं