Breaking News

भाजपा ने पश्चिम यूपी से संभाला किसानों का मोर्चा

श्री रामजानकी टाइम्स

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मैदान की ओर बढ़ रही भारतीय जनता पार्टी एक-एक कदम अपनी रणनीति के साथ बढ़ा रही है। भाजपा को सत्ता में वापसी का भरोसा है। दावा किया जा रहा है कि 350 से अधिक सीटें जीतेगी। इसके बावजूद पार्टी किसी भी तरह के जोखिम की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहती।

यही वजह है कि कृषि कानून विरोधी आंदोलन को मुद्दा बनाने की कोशिश में जुटे विपक्षी दांव को देखते हुए भाजपा किसान मोर्चा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ही मोर्चा संभालने की शुरुआत की है। सबसे पहले यहीं के 19 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्ष घोषित किए हैं।

भाजपा किसान मोर्चा ने बुधवार को 19 जिलों के अध्यक्ष घोषित कर दिए। यह सभी जिले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हैं। इसके पीछे वजह यही मानी जा रही है कि कृषि कानून विरोधी आंदोलन की ताप जिस धरती पर विपक्ष बता रहा है, उसे भाजपा अपने पसीने से ठंडा कर देना चाहती है।

हालांकि पार्टी मान रही है कि इस आंदोलन का कोई असर नहीं है। तर्क है कि किसान यदि भाजपा से नाराज होते तो पंचायत चुनाव में इतनी प्रचंड जीत कैसे मिलती। इस दावे के बावजूद भगवा खेमा किसानों के बीच, खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की टोह भी लेता जा रहा है।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह का कहना है कि किसान पूरी तरह भाजपा के साथ हैं, क्योंकि किसानों के हित में सबसे अधिक काम मोदी-योगी सरकार ने ही किया है। पश्चिम के जिलाध्यक्ष सबसे पहले घोषित करने के मामले में कहते हैं कि वहां से नामों के पैनल पहले आ गए तो पहले घोषित हो गए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में किसान संवाद कार्यक्रम शुरू किया जा चुका है। जल्द ही सारे जिलाध्यक्ष घोषित कर दिए जाएंगे।

  Edit & Post by : Vishal Jaiswal : Shri Ramjanki Times

कोई टिप्पणी नहीं