युवती के लापता होने के मामले में पखवाड़ा बीतने के बाद पुलिस के हाथ खाली
उन्नाव। शहर कोतवाली की मगरवारा चौकी क्षेत्र के मसवासी गांव से एक मूक बधिर विवाहिता तकरीबन 13 दिनों से लापता चल रही है। महिला के मायके वाले उसकी तलाश में इधर उधर भटक रहे हैं। चौकी से लेकर कप्तान आफिस तक गुहार लगाकर थक चुके है। परिजन अनहोनी घटना होने की आशंका जता रहे है।
दिए गये शिकायती पत्र में परिजनों ने आरोप लगाया है कि सदर कोतवाली के मसवासी गांव निवासी लाला पुत्र स्व. जंगली ने बताया कि उसकी बेटी संपत जन्म से मूक बधिर है। उसका विवाह कुटी बंथर शेखपुर नरी निवासी मनोज पुत्र भइयालाल से हुआ था। मनोज भी बेटी की तरह मूक बधिर है। बीती 5 अगस्त को बेटी की सास ने फोन कर उसके लापता होने की जानकारी दी। बेटी के ससुराल पहुंचने पर दामाद ने इशारे से बताया कि ससुर भइयालाल, भाई लल्लू, बहन सोमवती, भाई निशा ने उसे मारा पीटा और गला भी दबाया। लाला का कहना है कि बेटी के ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव को कहीं ठिकाने लगा दिया है। घटना वाले दिन ही उसने मगरवारा चौकी में गुहार लगाई लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ होता नहीं दिखाई दिया।
जिस पर उसने 16 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए मदद की गुहार लगाई थी। लेकिन अभी तक स्थानीय पुलिस किसी नतीजें पर नहीं पहुँच पायी है। पीड़िता की भाभी सोनी से जब इस सम्बन्ध में बात की गयी तो उन्होंने बताया कि पुलिस हमारी मदद नहीं कर रही है। तेरह दिन से हम परिजन दर दर की ठोकरे खाते फिर रहे है।
कोई टिप्पणी नहीं