बीवी पर हुआ शक तो हाथ पर कपूर जलवाकर ली अग्नि परीक्षा
श्री रामजानकी टाइम्स
गोरखपुर। गोरखपुर के पिपराइच में तरकुलही निवासी एक व्यक्ति के पागलपन ने पत्नी व उसकी जिंदगी को मौत की दहलीज पर लाकर खड़ा कर दिया। माहभर पूर्व उसने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसकी अग्नि परीक्षा ली। गुरुवार रात इलाज कराने के बहाने पत्नी को जहरीला पेय पिला दिया और खुद भी पी लिया। उसने अपने बच्चों को भी जहरीला पेय पिलाने की कोशिश की, लेकिन पत्नी ने उसके हाथ से बोतल छीनकर फेंक दी। पति-पत्नी की स्थिति नाजुक है। दोनों का भटहट के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है।
चारित्रिक संदेह कर पत्नी से हाथ पर कपूर जलाने को कहा
तरकुलही निवासी एक युवक की शादी 12 वर्ष पूर्व गुलरिहां के जैनपुर के काजीपुर टोला निवासी एक युवती से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। युवती के पिता का आरोप है कि माह भर पूर्व उसके दामाद ने उसकी बेटी पर चारित्रिक संदेह करते हुए कहा कि वह हाथ पर कपूर जलाकर अग्निपरीक्षा दे। उसने कहा कि यदि वह सही होगी तो उसे कुछ नहीं होगा। पत्नी ने हाथ में कपूर जलाकर दिखा दिया। कपूर जलाने से पत्नी का हाथ जल गया। उसके हाथ का अभी भी इलाज चल रहा है।
बहू को इलाज के बहाने उसे कार से ले गया बाहर
महिला के ससुर ने बताया कि उसके बेटे ने बहू के इलाज के बहाने उसे कार से बाहर ले गया। उसके साथ तीनों बच्चे भी थे। रात लगभग दस बजे ससुराल से कुछ दूरी पर उसने पत्नी को एक जहरीला पेय पीने को कहा। उसने कहा कि वह यदि ठीक होगी तो उसे कुछ नहीं होगा। उसने पत्नी से यह भी कहा कि जहरीला पेय वह पहले पीये,ख् अन्यथा उसके पीने के बाद पत्नी पता नहीं पेय पीएगी या नहीं।
पति के भरोसे के लिए पी लिया जहर
पति के भरोसे के लिए महिला ने जहरीला पेय पी लिया। उसके बाद युवक ने भी पी लिया। वह अपने तीनों बच्चों को भी वो पेय पिलाने जा रहा था, लेकिन पत्नी ने पति के हाथ से बोतल छीनकर फेंक दिया। ससुराल पहुंचते ही दोनों को उल्टियां होने लगीं। दोनों को भटहट के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वहां दोनों की स्थिति गंभीर है। भटहट चौकी प्रभारी विरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है।
Edit & Post by : Vishal Jaiswal : Shri Ramjanki Times

कोई टिप्पणी नहीं