यूपी के 70 हजार कार्यकर्ताओं को कांग्रेस देगी ट्रेनिंग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। राजनीतिक पार्टियां सियासी समीकरणों को साधने के साथ ही साथ संगठन को मजबूत करने में जी जान से जुटी हैं। पिछले तीन दशक से सत्ता का वनवास झेल रही कांग्रेस के लिए 2022 का चुनाव अपने सियासी वजूद को बचाए रखने का चुनाव है, जिसकी जिम्मेदारी पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के कंधों पर है। प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ के मॉडल पर यूपी में कांग्रेस को मजबूत करने और 2022 के चुनावी जंग जीतने की रणनीति बनाई है।
कांग्रेस उत्तर प्रदेश में बूथ स्तर पर खुद को मजूबत करने की कवायद में जुटी है। ऐसे में सूबे के 70 हजार कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के लिए 675 ट्रेनिंग कैंप की रूप रेखा तैयार की है। इसी मद्देनजर यूपी के 100 नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक समूह को छत्तीसगढ़ प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है, जो रायपुर के निरंजन धर्मशाला में विभिन्न मुद्दों पर प्रशिक्षण ले रहे हैं। यूपी के कांग्रेस नेताओं को रायपुर में मास्टर ट्रेनर के तौर प्रशिक्षित किया जा रहा है। इन्हें कांग्रेस के इतिहास से लेकर बूथ मैनेजमेंट के बारे में जानकारी दी जा रही है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रशिक्षण दिया है।
प्रियंका गांधी भी वर्चुअल रूप से पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुईं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने अब तक के प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली। मास्टर ट्रेनर यूपी के जिला, विधानसभा और ब्लाक स्तर पर 70 हजार कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने का काम करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं