राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर लगा घोटाले का आरोप
लखनऊ. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह व समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री तेज नारायन पाण्डेय पवन ने रविवार को राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में जमीन खरीद के नाम पर करोड़ों का घोटाला करने के आरोप लगाए हैं। दोनों नेताओं के आरोप हैं कि दो करोड़ रुपये की जमीन को साढ़े 18 करोड़ रुपये में खरीदा गया। दोनों नेताओं ने मामले की सीबीआई व ईडी से जांच कराने की मांग की है। संजय सिंह ने जहां लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस की और दस्तावेज पेश किए वहीं पवन पाण्डेय ने अयोध्या में पत्रकारों के सामने आरोप लगाए।
संजय सिंह व तेज नारायण पाण्डेय ने अयोध्या में गाटा संख्या 243, 244 व 246 की जमीन के कागज दिखाते हुए कहा कि इसकी कीमत 5.80 करोड़ रुपये है लेकिन इसे दो करोड़ रुपये में कुसुम पाठक और हरीश पाठक से सुल्तान अंसारी और रवि मोहन तिवारी ने खरीदा। इस जमीन खरीद में अनिल मिश्र और अयोध्या के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय गवाह बने। चंद मिनट बाद ये जमीन रामजन्मभूमि ट्रस्ट ने 18.5 करोड़ रुपये में खरीदी। इस तरह लगभग साढ़े पांच लाख रुपये प्रति सेकेण्ड की दर से जमीन का दाम बढ़ गया। जो अनिल मिश्र और ऋषिकेश उपाध्याय पहली खरीद में गवाह थे वही ट्रस्ट के बैनामे में भी गवाह हैं।
उन्होंने कहा कि यह मनी लांड्रिंग का मामला है। जो जमीन मंदिर ट्रस्ट ने खरीदी उसके एग्रीमेंट के लिए ई-स्टाम्प 5.11 बजे पर खरीदा गया और रवि मोहन तिवारी ने जो जमीन हरीश पाठक से खरीदी उसके लिए ई-स्टांप 5.22 बजे खरीदा गया। आखिर ट्रस्ट ने स्टाम्प पहले कैसे खरीद लिया? किसी भी ट्रस्ट में जमीन खरीद के लिए बोर्ड की मीटिंग करके प्रस्ताव पास किया जाता है। संजय सिंह ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट से लोगों की धार्मिक आस्था व विश्वास जुड़ा है लेकिन ट्रस्ट के पदाधिकारी लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं