#Unnao_News : विजयदशमी पर मनकामेश्वर मंदिर में अस्त्र शस्त्रों का हुआ पूजन
Shri Ramjanki Times
लखनऊ। डालीगंज स्थित मनकामेश्वर मठ मंदिर परिसर में अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की गई। महंत देव्यागिरि ने मंदिर में संग्रहित पूर्व महंतों के द्वारा कुंभ से लाए गए सिद्ध अस्त्रों का अभिषेक पूजन किया। वहीं, नारी सशक्तिकरण अभियान के तहत मठ मंदिर परिसर में वीरांगनाओं ने आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट का प्रदर्शन भी किया। मठ मंदिर की परंपरा के अनुरूप विजयदशमी पर शस्त्र पूजा विधि विधान से की जाती है।
परंपरा के तहत मंदिर परिसर में महंत त्रिगुणानंद के समय का सिद्ध त्रिशूल और महंत बालक गिरि के काल के सिद्ध फरसे का पूजन विधि विधान से मंत्रों के साथ किया गया। मंहत देव्यागिरि ने बताया कि महंत रामगिरी बाबा के सोटे का स्पर्श पाकर शिवलिंग से दूध की धारा निकल पड़ी थी। आज भी वह सोटा मंदिर में सुरक्षित है। उसका भी पूजन हुआ।
इसके साथ ही बल्लभ, तलवार, धनुष-बाण, चिमटा, तोमर, मुग्दर, शूल, कुल्हाड़ी, बकुली, भाला, कुंटा का भी पूजन किया गया। शस्त्र पूजन में आधुनिक आग्नेयास्त्र जैसे बंदूक और रिवाल्वर का भी पूजन किया। उन्होंने कहा कि शक्ति कभी अस्त्रों में नहीं होती अस्त्र-शस्त्र केवल मददगार साबित हो सकते हैं आवश्यकता तन और मन को व्रज बनाने की अधिक है। इस दौरान महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए मठ मंदिर की वीरांगनाओं ने आत्मरक्षा के हुनर को दर्शाया। महिलाओं ने तलवारबाजी और मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया। इस दौरान कल्याणी गिरी, ऋतुजा गिरि, गौरजा गिरि, सहित उपमा पाण्डेय आदि महिलाएं शामिल रहीं।
कोई टिप्पणी नहीं