Breaking News

आइसीयू की तीसरी मंजिल से महिला ने लगाई छलांग

सहारनपुर। मेडिकल कालेज पिलखनी में भर्ती एक महिला ने आइसीयू की तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। कारण का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि वह तनाव में थी। महिला कोरोना पाजिटिव भर्ती हुई थी, लेकिन मंगलवार को उसकी रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी। डीएम और एसएसपी ने निरीक्षण किया है। देर रात तक पोस्टमार्टम पर विचार चल रहा था।


नकुड़ थानाक्षेत्र के गांव नारायणपुर गुर्जर निवासी 54 वर्षीय कौशल पत्नी स्व. तीर्थ 10 साल पहले गांव छोड़कर चले गए थे। वह अपने तीन बच्चों के साथ हरियाणा के यमुनानगर में एक फैक्ट्री में नौकरी कर रही थी। 27 जून को महिला को कोरोना पाजिटिव होने के कारण मेडिकल कालेज पिलखनी में भर्ती कराया। महिला का आक्सीजन लेवल कम होने के कारण उसे आइसीयू नंबर पांच में रखा गया। 29 जून को महिला का आक्सीजन लेवल भी 97 हो गया और उसकी कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई। उसे आइसीयू नंबर छह में भर्ती कर लिया था। बुधवार को महिला शौचालय में पहुंची और उसके पीछे बनी दीवार पर चढ़ गई। वहां पर मौजूद वार्ड ब्वाय आमीर ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुआ और महिला नीचे कूद गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उसकी मौत हो गई।

जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि महिला ने आत्महत्या कैसे कर ली। इसकी आंतरिक जांच बैठा दी गई है। स्वजन की इच्छा पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पिलखनी मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि जांच बैठा दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ अधिक बता पाएंगे।

Edit  by ; Vishal Jaiswal 

 

कोई टिप्पणी नहीं