Breaking News

धारदार हथियार से युवक की हत्‍या, झाड़ियों में फेंका शव

रायबरेली। रायबरेली में मंगलवार की रात धारदार हथियार से हमला कर एक युवक की हत्‍या कर दी गई। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव झाड़यिों में फेंक दिया था। बुधवार की सुबह शव मिला तो सनसनी फैल गई। तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

उमरपुर गेरखुआ निवासी दिनेश बेड़यिा मंगलवार की शाम घर से गांव के ही दिलीप और हरीलाल के साथ निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। इधर, पत्नी माधुरी उनका खाने के लिए इंतजार कर रही थीं। देर रात लगभग नौ बजे गांव का राजेश उनकी साइकिल लेकर पहुंचे। माधुरी ने पति के बारे में पूछा। इस पर बताया कि वे दिलीप और हरीलाल के साथ मैनूपुर में बैठकर शराब पी रहे हैं। फिर वह साइकिल खड़ी करके चला गया। रात में दिनेश घर नहीं पहुंचे तो माधुरी उन्हें खोजने निकली। पति को ढूंढते हुए खरथेलुआ के निकट मैनूपुर रोड पर पहुंची। यहां सड़क के किनारे झाड़यिों में पति का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। उसकी चीख और रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। सीओ महिपाल पाठक और थानाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी फोर्स के साथ पहुंचे और छानबीन की।

हमलावरों ने दिनेश के शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार किए थे। उसने सीने, पेट, पीठ के साथ गले में भी धारदार हथियार से वार किया गया। वारदात के पीछे कारण क्या है, यह अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है। पत्नी ने भी जो एफआइआर लिखाई उसमें इसका कोई जिक्र नहीं किया। फिर भी तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। आशनाई का चक्कर भी कहा जा रहा है। हालांकि, पुलिस घटना की जांच कर रही है। कुछ लोगों को गिरफ्त में लेकर पूछताछ की भी जा रही है।

थानाध्यक्ष, मिल एरिया आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि धारदार हथियार से एक युवक की हत्या की गई है। पीड़ित पत्नी की तहरीर पर गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या की एफआइआर दर्ज हो गई है। जांच के बाद पूरे मामले का राजफाश किया जाएगा।  

Edit by ; Vishal Jaiswal

कोई टिप्पणी नहीं