प्रतापगढ़ में पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की मौत के मामले में हत्या का केस दर्ज
प्रतापगढ़। शराब के खिलाफ अभियान में बेहद सक्रिय रहे टीवी चैनल पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की मौत के मामले में सोमवार को हत्या का मामला दर्ज किया गया है। रविवार देर रात के इस मामले पर काफी बवाल होने के बाद प्रतापगढ़ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पत्रकार ने अपने ऊपर हमले की आशंका जताते हुए एडीजी प्रयागराज जोन को पत्र भी भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
प्रतापगढ़ में रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले एक चैनल के पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रविवार की रात नगर कोतवाली क्षेत्र के सुखपाल नगर के पास सुलभ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सुलभ की पत्नी रेणुका श्रीवास्तव का आरोप है कि उनके पति की हत्या की गई है। उन्होंने एडीजी प्रयागराज प्रेम प्रकाश से से घटना की सीबीआइ जांच कराने की मांग की। इस पर एडीजी ने आश्वासन दिया कि सीबीआइ से जांच कराने की संस्तुति वह शासन से करेंगे। उनकी मौत पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी उत्तर प्रदेश सरकार पर तंज कसा है।

कोई टिप्पणी नहीं